रुद्रपुर। जिले के लिए देहरादून से रविवार देर शाम कोविशील्ड कंपनी की 3,840 वैक्सीन पहुंच गईं। साथ ही जिले में कोरोना जांच के लिए 1225 लोगों के आरटीपीसीआर के सैंपल लिए गए। रामपुर सीमा पर 104 लोगों के सैंपल लिए गए, जबकि जिले में 52 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आईं हैं। इनमें रुद्रपुर के सर्वाधिक 10 लोग, जसपुर के नौ, खटीमा के आठ, किच्छा के पांच और सितारगंज के चार लोग शामिल हैं।
जिले के सभी विकासखंडों में 3673 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। इनमें 3441 लोगों ने पहली डोज व 232 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिले के सभी टीकाकरण केंद्रों में लगातार लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना वैक्सीन की कमी नहीं होगी। देहरादून से 3,840 वैक्सीन पहुंच चुकी है। सोमवार को भी वैक्सीन पहुंचने की संभावना है।