काशीपुर। शिक्षा विभाग की ओर से बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश कराने के लिए दूसरा मौका दे दिया है। 29 मई से 8 जून तक इच्छुक व्यक्ति अपने बच्चे का विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। ऊधमसिंह नगर में 2400 सीटें खाली रह गई हैं।
राज्य परियोजना निदेशक झरना कमठान ने सीईओ को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए आरटीई के तहत निजी स्कूलों में अपवंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों की 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई है।
इसके लिए राज्य स्तर पर 5 अप्रैल को प्रथम चरण की लॉटरी संपन्न हो गई है। लेकिन अभी स्कूलों में 50 प्रतिशत सीटें रिक्त रह गई हैं। राज्य एवं जनपद स्तर पर विभिन्न संचार संसाधनों के माध्यम प्रचार-प्रसार कराने के बाद भी कुछ मान्यता प्राप्त स्कूलों समय से पोर्टल पर पंजीकरण अपडेट नहीं किया है।
इस कारण से निजी स्कूलों में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सका है। 24 अप्रैल को पोर्टल अपडेट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है।