रुद्रपुर में जिला अस्पताल में मंगलवार को जन औषधि केंद्र खुलने के बाद मरीज दवा की पर्ची लेकर पहुंचे तो वहां तैनात कर्मचारी उन्हें दवा न होने की बात कहकर बेरंग लौटाते रहे। मरीजों को मजबूरी में बगल में स्थित निजी मेडिकल स्टोर से महंगी दवा खरीदनी पड़ी।
जिला अस्पताल में जन औषधि केंद्र खुलने के पहले दिन गरीब मरीजों को सस्ती दवाओं का लाभ नहीं मिल सका। रुद्रपुर निवासी मान सिंह चौहान और किरन ने बताया कि जन औषधि केंद्र में उन्हें डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाएं नहीं मिली। जेनरिक दवाएं खरीदने पहुंच रहे अधिकांश मरीजों के साथ ही इस तरह की समस्या सामने आयी। अधिकतर मरीजों के परिजनों और तीमारदारों का कहना था कि केंद्र के बगल में स्थित निजी मेडिकल स्टोर के हटने के बाद ही गरीब जनता को जेनेरिक दवाओं का लाभ मिल सकेगा। इधर, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट ने कहा कि निजी मेडिकल स्टोर पर जिला अस्पताल की कुछ देनदारी का मामला है। यह देनदारी जल्द ही खत्म कर दी जाएगी। यदि इस बीच दवाओं को लेकर किसी प्रकार की मिलीभगत सामने आती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-14 आरडीपी 09पी- जिला अस्पताल में जनऔषधी केंद्र के बगल में खुला निजी मेडिकल स्टोर।