किच्छा के मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक परिवार ने पांच लोगों से 19.96 लाख रुपये ठग लिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त समेत उसके परिवार के चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
वार्ड-13 निवासी मो. अजीम ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह वह एआर टेलीकॉम फर्म में साझीदार है। उसके पुराने मित्र राहुल गंगवार ने अंतरराष्ट्रीय कंपनी में ऑनलाइन पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आठ मई 2026 को अजीम अपने दोस्त शादाब और रऊफ के साथ राहुल के घर गया। वहां राहुल के पिता नरेंद्र गंगवार, माता मीना देवी और बहन सोनम गंगवार ने भी मुनाफे की गारंटी दी। झांसे में आकर अजीम ने अलग-अलग तारीखों में राहुल को बैंक से 20.64 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
राहुल ने मुनाफे के नाम पर 5.31 लाख रुपये वापस किए। इस तरह अजीम के 15.32 लाख रुपये बकाया रह गए। अजीम के कहने पर शादाब ने भी 3.20 लाख रुपये दिए, जिसमें से 96 हजार वापस मिले। उसके 2.24 लाख बकाया रह गए। वहीं शादाब के मित्र सुदीप दास ने 2.40 लाख रुपये दिए, जो पूरी तरह डूब गए। रुपये मांगने पर राहुल और उसके परिवार ने फोन उठाना बंद कर दिया। बकाया रकम के लिए दिया गया चैक भी बैंक में बाउंस हो गया। उल्टा मुकदमा लिखवाने की धमकी दी गई। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर राहुल गंगवार, नरेंद्र गंगवार, मीना देवी और सोनम गंगवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।