शांतिपुरी में किसान सेवा समिति शांतिपुरी में शासन स्तर से गुपचुप तरीके से की जा रही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समायोजन की भनक लगने पर समिति के संचालक मंडल ने इसका विरोध करते हुए सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
संचालक मंडल के हस्ताक्षरों से युक्त जिला सहायक निबंधक रुद्रपुर को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि समिति की पहली बैठक में ही तय किया था कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने के बाद फिलहाल समिति में किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की आवश्यकता नहीं है। भविष्य में यदि नियुक्ति की आवश्यकता होती है तो समिति सदस्यों के परिवार, जिसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, से योग्य व्यक्ति को ही बोर्ड की सर्वसम्मति द्वारा ही नियुक्त किया जा सकेगा। अब गुपचुप तरीके से बाहर से किसी कर्मचारी का समायोजन करने की सांठगांठ की जा रही है। यह समिति बोर्ड के प्रस्ताव के खिलाफ कार्रवाई है। बोर्ड के प्रस्ताव के खिलाफ यदि समायोजन किया गया तो समस्त संचालक मंडल इस्तीफा देगा।