रुद्रपुर/किच्छा। तीनपानी डैम के पुनर्निर्माण के लिए शासन ने 1.74 करोड़ रुपये स्वीकृत कर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 104.89 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है। इससे वार्ड एक के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
फुलसुंगा वार्ड एक स्थित तीनपानी डैम पर जल निकासी दुरूस्त नहीं होने से बरसात में पानी ओवरफ्लो होने से कई काॅलोनियों में जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डैम के पुनर्निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही थी।
बीते मानसून के दौरान मेयर विकास शर्मा ने खटीमा में सीएम पुष्कर सिंह धामी के समक्ष इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले में डीएम को निर्देश देकर प्रस्ताव बनाने के लिए कहा था। प्रशासन से प्रस्ताव मिलने के बाद शासन ने डैम निर्माण के लिए राज्य सेक्टर पोषित बांध बैराज का निर्माण व आधुनिकीकरण पुनरोद्धार मद के तहत 1.74 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है और पहली किस्त 104.89 लाख की राशि सिंचाई विभाग को जारी कर दी है।
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का कहना है कि उन्होंने इस काम के लिए प्रयास किए थे। इस मांग को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा था।
फोटो-17पी- रुद्रपुर के तीनपानी में क्षतिग्रस्त डैम। नगर निगम
इनसेट
बजट मिलते ही श्रेय लेने की होड़
रुद्रपुर। तीनपानी डैम के पुपुनर्निर्माण के लिए पहली किस्त जारी होने के बाद किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा में श्रेय लेने की होड़ मची है। मेयर का कहना है कि उन्होंने स्थलीय निरीक्षण करने के बाद स्वयं सीएम को इस पूरे मामले से अवगत कराया। सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया था कि इसके लिए शीघ्र बजट जारी करेंगे। इधर, बेहड़ का कहना है कि यह क्षेत्र उनकी विधानसभा में आता है। स्थानीय विधायक के नाते वह इस मामले को शासन तक लेकर गए थे। ब्यूरो