नेशनल हाईवे 309 पर प्रतापपुर के पास गड्ढों को भरकर डामरीकरण करते। संवाद
काशीपुर। नेशनल हाईवे-309 पर गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया। इस बार गड्ढे भरने के साथ डामरीकरण भी किया जा रहा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में सुविधा होगी।
एनएच-309 की बदहाली : 20 किलोमीटर का सफर बना सजा शीर्षक से मंगलवार को समाचार प्रकाशित हुआ था। इसके बाद एनएचएआई हरकत में आया और विभाग ने काशीपुर से हल्दुआ तक गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। गड्ढे भरने के साथ डामरीकरण किया जा रहा है।
अभी इस हाईवे के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया गतिमान है। निविदा होने के बाद भी सड़क निर्माण का कार्य होना है। बता दें कि धनौरी से रामनगर के चिल्किया तक नेशनल हाईवे को फोरलेन करने की कवायद चल रही है। वर्तमान में हाईवे के बीच में आने वाले मकानों का सर्वे कर मुआवजा देने की प्रक्रिया चल रही है।
हल्दुआ के पास पेड़ों का कटान होना है जिसका सर्वे कार्य किया जा रहा है।
वर्जन
- हाईवे पर गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया है। प्राथमिकता यही है कि जल्द से जल्द सभी गड्ढों को डामर से भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए। - मनोज भट्ट, सहायक अभियंता, एनएचएआई