रुद्रपुर/काशीपुर। शिक्षक बनने की चाह में बुधवार को जिले के 1620 अभ्यर्थियों ने डीएलएड प्रवेश परीक्षा दी। रुद्रपुर और काशीपुर में बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए 1940 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 320 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था भी लागू की गई।
रुद्रपुर के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 1060 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 876 ने परीक्षा दी जबकि 184 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। काशीपुर के तीन केंद्रों पर पंजीकृत 880 अभ्यर्थियों में से 744 परीक्षा में शामिल हुए और 136 अनुपस्थित रहे। दोनों शहरों को मिलाकर 83.50 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
डीएलएड प्रवेश परीक्षा उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित की गई। प्रदेश के सभी 13 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में कुल 650 सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। प्रत्येक डायट में 50 सीटें निर्धारित हैं। ऊधमसिंह नगर डायट में भी 50 सीटों पर दाखिला होगा। इनमें विज्ञान वर्ग की 25 और विज्ञानेत्तर यानी कला एवं वाणिज्य वर्ग की 25 सीटें शामिल हैं। जिले में परीक्षा के लिए रुद्रपुर में जनता इंटर कॉलेज समेत तीन केंद्र बनाए गए थे, जबकि काशीपुर में भी तीन केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया का इंतजार रहेगा।
जिले में डीएलड की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। 320 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। अभ्यर्थियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक तरीके से दर्ज की गई। -पुष्कर सिंह टम्टा, सीईओ