श्री गुरुनानक एकेडमी के प्रांगण में चल रही दो दिनी प्रांतीय बाल विज्ञान कांग्रेस का सोमवार को रंगारंग समापन हो गया। बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रदेश के 16 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया। जो 27 से 31 दिसंबर तक होने वाले राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रदेश का नेतृत्व करेंगे।
आयोजन में सहयोग देने के लिए संस्था की ओर से डेरा कारसेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खटीमा फाइबर्स के एमडी आरसी रस्तोगी ने बाल वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अपना लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। अध्यक्षता कर रहे उत्तराखंड शिक्षा एवं परिक्षा परिषद के सचिव डा. आरडी शर्मा ने मौसम एवं जलवायु के छह उपविषयों पर बाल वैज्ञानिकों की ओर से पढ़े गए शोधपत्रों की सराहना की। बाल विज्ञान कांग्रेस के दौरान छात्र जूनियर के 25, सीनियर के 46, गर्ल्स जूनियर के 27, सीनियर के 42 शोधपत्र पड़े गए। विधायक प्रेम सिंह राणा और गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के सदस्य राजपाल सिंह ने कहा कि देश की पूंजी बैंक में नही बल्कि विद्यालयों में है। कार्यक्रम को राज्य अकादमी के समन्वयक टीसी पांडे, पहल संस्था के महासचिव डा. पीके पांडे, मंडल समन्वयक डा. एनएस मेहरा, डा. जेके जोशी, डा. एनएस भंडारी ने भी सम्बोधित किया। समापन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में एकेडमी की छात्राओं द्वारा पंजाबी गिद्दा जागो, गुरुनानक बालिका इंटर कालेज की छात्राओं द्वारा बंगाली गीत, गुरुनानक कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा राजकीय तथा थारु होली प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुगध कर दिया। वही, खटीमा फाइबर्स की ओर से सभी बाल वैज्ञानिकों को कैप और बैग दिए गए। इस दौरान संस्था की अध्यक्ष कमला पंत, बाबा पाल सिंह, हरचरण सिंह, डा. एनएस भंडारी, डॉ. सीता मेहता, जीके जोशी, संस्था के समन्वयक धर्मेंद्र बसेड़ा आदि थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनींदर सिंह खालसा ने सभी का आभार जताया। संचालन प्रीती शर्मा, मीनाक्षी तथा डा. एसके.पंत ने किया।