बाजपुर और गदरपुर तहसील क्षेत्र में यूपी और उत्तराखंड दोनों वोटरों लिस्टों में करीब 154 मतदाताओं को चिन्हित किया गया। इन मतदाताओं को वोटर लिस्ट से निरस्त किया जाएगा। साथ ही अग्रिम कार्रवाई के लिए सभी मतदाताओं को नोटिस भेजा गया है। एसडीएम पीएस राणा ने संबंधित बीएलओ और पटवारियों को डबल मतदाता सूची में नाम दर्ज होने पर कड़ी हिदायत दी है।
एसडीएम राणा ने बताया कि जांच पड़ताल में बाजपुर तहसील क्षेत्र नपं केलाखेड़ा, सुल्तानपुर पट्टी, कनौरी, कनौरा, महेशपुरा, मुकुंदपुर, गुमसानी, रामनगर, रंपुरा काजी, गणेशपुर गदरपुर क्षेत्र के सकै निया, मीरीपीरी सहित अन्य गांवों के करीब 154 मतदाताओं का चिंहित किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि 20 दिसंबर यूपी के स्वार एसडीएम गजेंद्र कुमार, एसडीएम बिलासपुर (रामपुर) के साथ बैठक कर यूपी के राज्य सीमा से सटे गांवों की मतदाता सूची और बाजपुर, गदरपुर तहसील क्षेत्र के सीमा से सटे गांवों की वोटर लिस्टों का संयुक्त रुप से मिलान करने पर मामला पकड़ में आया। एसडीएम ने बताया कि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष रुप से कराने के लिए दोनों राज्य की सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्र की वोटर लिस्टों का मिलान कर पड़ताल की जा रही है। दोनों स्थानों पर वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक ही सूची में होगा मतदाता का नाम
बाजपुर। एसडीएम पूरन सिंह राणा ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद मतदाताओं का नाम एक ही वोटर लिस्ट में दर्ज किया जायेगा। डबल वोटर लिस्ट वाले मतदाताओं पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में यूपी के स्वार और बिलासपुर एसडीएम को भी लिखा गया है।