लालपुर। आइडिया कॉलोनी वासियों ने क्षेत्र में स्थित उद्योगों पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए सत्या मेटल फैक्ट्री के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने रविवार को फैक्ट्री गेट पर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। हरीश पनेरू ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों से प्रदूषण का खतरा हो गया है। उद्योग नियमों का उल्लंघन कर जहरीली गैस फैला रहे हैं।
इससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। कहा कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहां पर मुलखराज, अनीता पंत, आरके भल्ला, एसके मित्तल, नवजोत सिंह, कुलवंत कौर, भुवन अवस्थी आदि थे।
फैक्ट्री में प्रदूषण बोर्ड के मानकों का पालन किया जाता है। समय-समय पर प्रदूषण बोर्ड की टीम फैक्ट्री का निरीक्षण करती रहती है। फैक्ट्री के पास प्रदूषण बोर्ड की ओर से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र भी है। फैक्ट्री पर प्रदूषण फैलाने के आरोप बेबुनियाद हैं। फैक्ट्री में एल्युमीनियम गलाया जाता है।
रोहित गोयल, डायरेक्टर, सत्या मेटल फैक्ट्री, लालपुर