रुद्रपुर। भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा दिल्ली के चिल्ड्रेन म्यूजियम में देश भर के एतिहासिक मंदिरों और विरासतों को लेकर आयोजित की गई चित्रकला प्रदर्शनी में काशीपुर स्थित गोविषाण टीले को भी पहचान मिली है। प्रदर्शनी में शामिल हुए शहर के चित्रकार सुनील कुमार द्वारा टीले की चित्रकारी कर उसे प्रदर्शनी में सजाया गया था।
देश भर के एतिहासिक मंदिरों और विरासतों को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण दिल्ली की ओर से 19 से 25 नवंबर तक अगस्त क्रांति मार्ग दिल्ली स्थित चिल्ड्रेन म्यूजियम में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया था। प्रदर्शनी में देश भर से आये चित्रकारों ने अपने क्षेत्रों की विलुप्त या फिर जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी एतिहासिक धरोहरों को कैनवास पर उतारकर प्रदर्शनी में सजाया।
प्रदर्शनी में शहर के युवा चित्रकार सुनील कुमार ने काशीपुर स्थित गोविषाण टीले को चुना और टीले का भ्रमण कर तीन दिन की मेहनत के बाद उसका चित्र कैनवास पर उतारा। सुनील ने बताया कि प्रदर्शनी में भागीदारी करने के लिए डीपीएस स्कूल रुद्रपुर के चेयरमेन सुरजीत सिंह ग्रोवर द्वारा उन्हें प्रेरित किया गया।