रुद्रपुर में ट्रायल के आए खिलाड़ियों के साथ एसोशिएसन के पदाधिकारी
- फोटो : amar ujala
अंडर-19 क्रिकेट का ट्रायल देने पहुंचे बच्चों के टैलेंट ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया। भारी बारिश के बीच शारदा क्रिकेट अकादमी के इंडोर स्टेडियम में 105 बच्चों का ट्रायल दो चरणों में लिया गया। उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन (यू.सी.ए.) के उपाध्यक्ष डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने बताया कि इनमें से 30 बच्चे चुने जाएंगे, जिनके नाम उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन देहरादून भेजी जाएगी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन ऊधम सिंहनगर की पहल पर राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रतिभाग के लिए सुबह 10:15 बजे बच्चों के ट्रायल शुरू हुए। डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने बताया कि ट्रायल के लिए बच्चों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पाठक ने बताया कि क्रिकेट कोच नवनीत राव, राजेंद्र सिंह, पवन सहगल और शैलेंद्र सिंह की देखरेख में 105 बच्चों का ट्रायल लिया गया। क्रिकेट कोच और चयनकर्ता नवनीत राव ने बताया कि 32 मीडियम पेसर, 30 बैट्समैन, 28 ऑलराउंडर, आठ विकेटकीपर जबकि सात स्पिनर ट्रायल के लिए पहुंचे।
सभी काफी प्रतिभावान है। शीघ्र ही अंडर 16 बालक वर्ग का चयन भी किया जाएगा। इस अवसर पर शारदा क्रिकेट अकादमी के एमडी महेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार श्रीधर, अनिल कुमार, नितिन शर्मा, पीएन जोशी, विपुल शर्मा, भूपेश दुमका, राजेंद्र जेठी, शकुल कुमार, दीपक आर्य, ऋषि पाल भारती, गोविंद परिहार सहित अनेक मौजूद रहे।