पुलिस हेल्पलाइन पर महिला पुलिस कर्मी से अभद्रता करने वाले मनचले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने दो साल पहले 100 नंबर पर अभद्रता की थी। मुकदमा दर्ज कर मनचले को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों की शिकायत सुनने के लिए 100 और 1090 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इन पर महिला पुलिस कर्मियां की ड्यूटी लगाई जाती है। मनचले इन नंबरों पर महिला पुलिस कर्मियों से अश्लील बातें और अभद्रता करते हैं। वर्ष 2014 में भी एक युवक ने 100 नंबर पर फोनकर महिला पुलिस कर्मी से अभद्रता कर दी।
शुरुआत में महिला पुलिस ने युवक को डांट लगाकर फर्जी फोन ना करने की हिदायत दी लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इस पर महिला ने उच्चाधिकारियों से उसकी शिकायत की तो उनके आदेश पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी गई, लेकिन काफी समय बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा और मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
करीब दो माह पहले जब मामला एसएसपी डा. सदानंद दाते के संज्ञान में आया तो उन्होंने कोतवाल तुषार बोरा को फिर से मामले की जांच करने के निर्देश दिए। कोतवाल बोरा ने जब मामले की छानबीन के लिए फोन नंबर की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उक्त नंबर संजय नगर खेड़ा निवासी एक महिला की आईडी पर लिया गया है, लेकिन उसका पति यह नंबर इस्तेमाल करता है।
इसके आधार पर बोरा ने संजयनगर खेड़ा निवासी प्रेम बहादुर पुत्र हीरा सिंह को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में प्रेम बहादुर ने बताया कि वह पेशे से चालक है और दो साल पूर्व उसने 100 नंबर पर महिला पुलिस कर्मी से अभद्रता की थी।
फर्जी कॉल करने वाले पुलिस की रडार पर
100 और 1090 पर फर्जी कॉल करने वाले और भी कई लोग पुलिस की रडार पर हैं जिन्हें पुलिस चिंहित कर रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार उक्त दोनों नंबरों पर आने वाले कॉलों में से 90 फीसदी कॉल फर्जी होती हैं। और इन फर्जी कॉल से नंबर व्यस्त रहने के कारण जहां जरुरतमंद को उसका लाभ नहीं मिल पाता वहीं फोन रिसीव करने वाले कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतें होती हैं। अब पुलिस ने फर्जी काल करने वालों को अपनी रडार पर ले लिया है। जल्द ही पुलिस चिंहित किये गये लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।