आर्ष गुरुकुल नोएडा के दो छात्र गंगनहर में स्नान करते बह गए। जल पुलिस के गोताखोरों ने छात्रों की तलाश में कई घंटे सर्च अभियान चलाया। छात्रों पता नहीं चल सका। दोनों छात्र गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में परीक्षा देने के लिए हरिद्वार आए थे।
आर्ष गुरुकुल नोएडा के शिक्षक राजकिशोर शास्त्री 19 छात्रों को परीक्षा दिलाने के लिए बुधवार को गुरुकुल कांगड़ी विवि में पहुंचे थे। सभी छात्रों की रहने और खाने की व्यवस्था गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय विभाग में की गई थी। बृहस्पतिवार को 9.30 से 12.30 बजे तक ( कक्षा नौ से बारह) की परीक्षा देने के बाद सभी छात्र विद्यालय में लौट गए।
विभाग में कुछ देर रुकने के बाद कुछ छात्र शिक्षक राजकिशोर शास्त्री के साथ गुरुकुल कांगड़ी विवि के सामने बने स्वामी श्रद्धानंद घाट पर नहाने के लिए पहुंच गए। हरीश पंवार (15) पुत्र जयवीर सिंह निवासी ग्राम भारसी जिला शामली घाट पर स्नान के दौरान सुरक्षा रेलिंग को पार कर गहरे पानी में पहुंच गया। हरीश बहने लगा।
हरीश को बहते देख छात्र धीरज सिंह (16) भगत सिंह निवासी मंगलोरपुरी दिल्ली ने हरीश को बचाने का प्रयास किया। तेज बहाव होने के कारण दोनों छात्र बह गए। छात्रों के गंगनहर में बहने की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचकर जल पुलिस के गोताखोरों ने घाट से लेकर जटवाड़ा पुल तक गंगनहर में छात्रों तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।
छात्रों के बहने की सूचना पर भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, गुरुकुल कांगड़ी विवि के कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रण प्रो. एमआर वर्मा सहित शिक्षक और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना कनखल पुलिस को दी गई। कनखल थाना अध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि गंगनहर में छात्रों की तलाश की जा रही है। वहीं परिजनों को सूचना कर दी गई है।