ग्रीष्मकालीन यात्रा में पहली बार ग्रुप में आने वाले यात्रियों को आवासीय सुविधा पर बीस प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। चारधाम यात्रा को बढ़ावा दिए जाने के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है।
चारधाम रूट स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के गेस्ट हाउस में सर्दियों में तो पर्यटकों को पंद्रह से बीस प्रतिशत तक की आवासीय छूट दी जाती है, लेकिन पहली बार गर्मियों में भी यह व्यवस्था होने जा रही है।
इस बार ग्रीष्मकालीन यात्रा में भी ऐसे पर्यटकों को आवासीय शुल्क में यह छूट मिलेगी जो कि पंद्रह, बीस या इससे अधिक संख्या में एक साथ आएंगे। इसके लिए इन्हें पहले से ही बुकिंग करानी होगी।
एक साथ खुल रहे चार धामों के कपाट:
इस बार केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के कपाट एक ही दिन खुल रहे हैं तो वहीं एक दिन के अंतर में बदरीनाथ के कपाट खुलेंगे।
ऐसे में पर्यटक तीन से चार दिनों में चारों धाम घूमकर जा सकेंगे जबकि हर बार कपाट खुलने की तिथि में काफी अंतर रहता था, सभी धामों के कपाट नहीं खुल पाने की वजह से यात्रा की शुरुआत में आने वाले पर्यटक एक या दो धाम के दर्शन कर वापस चले जाते थे।
पहली बार ग्रीष्मकालीन यात्रा में बीस प्रतिशत तक की छूट की व्यस्था की गई है, हालांकि इसके लिए निगम स्तर से प्रबंधकों को पूरे अधिकार दिए गए हैं।
वह बिना निगम से पूछे अब सीधे यह छूट दे सकते हैं। यदि वह आवासीय शुल्क में इससे अधिक छूट देना चाहते हैं तो इसके लिए उन्हें निगम से अनुमति लेनी होगी।
-बीएल राणा, महाप्रबंधक, पर्यटन, जीएमवीएन