उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
शुक्रवार सुबह एक ट्रक रामनगर से कर्णप्रयाग के लिए निकला था। सुबह नौ बजे के लगभग नैनीताल हाईवे पर भटोली के पास पहुंचा था तभी बेकाबू हो गया और तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलने पर पहुंची रेस्क्यू टीम खाई में उतरी। दुर्घटना में रमेश लाल पुत्र कलम राम ग्राम मेलना तहसील गैरसैण उम्र 36 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने ड्राइवर आशीष पुत्र मस्तान सिंह कठैत ग्राम नैथना पट्टी चौरास टिहरी गढ़वाल को घायल अवस्था में बाहर निकाला। उसे तुरंत 108 सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग भेजा गया जहां उसका इलाज चल रहा है।