अग्निपथ योजना के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक लंबगांव में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। दूसरी ओर, घनसाली में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को युवा विरोधी बताया। साथ ही चेतावनी दी यदि केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना तत्काल वापस नहीं ली, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कपिल जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक लंबगांव में अग्निपथ योजना के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के साथ खिलवाड़ से ज्यादा कुछ नहीं है। इस योजना से युवा बेरोजगार तो होंगे ही देश की सुरक्षा को लेकर भी दिक्कत हो सकती है। उन्होंने सरकार से योजना को लेकर पुनर्विचार कर पहले से चल रही प्रक्रिया को जारी रखने की मांग की।
इस मौके पर सभासद सौरभ रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राहुल गैरोला, गौतम शाह, प्रमोद नेगी, नवीन राणा, अमित राणा, हरिओम सिंह, जयनारायण राणा, राहुल राणा आदि मौजूद थे। इधर, घनसाली में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योजना का कड़ा विरोध किया। ज्ञापन पर युवा कांग्रेस के महासचिव शशांक जोशी, रामलखन, नरेंद्र रावत, अमन दीप, अमन बिष्ट, सचिन, गौरव, अखिलेश आदि के हस्ताक्षर हैं।