भिलंगना ब्लॉक के लोगों ने पिलखी से किया ‘डॉक्टर दो, न्याय दो’ पदयात्रा, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
अधिकारियों के आश्वासन पर माने आंदोलनकारी पिलखी लौटे, मांग पूरी नहीं होने पर एक दिसंबर को दून कूच की चेतावनी
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के पिलखी से शुरू हुई ‘डॉक्टर दो, न्याय दो’ पद यात्रा लगभग 65 किमी की दूरी तय कर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंची। मांग के समर्थन में उन्होंने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद धरना दिया। हालांकि बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलनकारी पिलखी लौट गए हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक घनसाली में उप जिला चिकित्सालय बनाने का शासनादेश जारी नहीं हो जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और एक दिसंबर को दून कूच करेंगे।
घनसाली क्षेत्र की लचर स्वास्थ्य सेवाओं और दो माह के भीतर तीन गर्भवती महिलाओं की मौत के विरोध में स्थानीय लोग पिलखी और घनसाली बस अड्डा परिसर में बीते 25 अक्तूबर से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। मृत महिलाओं के परिजनों को 20-20 लाख मुआवजा देने, डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग को लेकर बीते दिन घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के बैनरतले पीएचसी पिलखी धरना स्थल से डीएम कार्यालय नई टिहरी तक करीब 65 किमी लंबी ‘डॉक्टर दो, न्याय दो’ पदयात्रा शुरू की थी जो बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पहुंची।
धरना स्थल पर पहुंचकर टिहरी बांध प्रभावित संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, राज्य आंदोलनकारी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने आंदोलन को समर्थन दिया। बाद में एडीएम अवधेश कुमार सिंह, सीएमओ डाॅ. श्याम विजय ने उनसे वार्ता की। उन्होंने सीएचसी बेलेश्वर में रोटेशन व्यवस्था पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करने, एंबुलेंस के लिए नियमित वाहन चालक की व्यवस्था करने और एक्सरे तकनीशियन का जल्द तैनाती करने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे एक दिसंबर को देहरादून कूच करेंगे। प्रदर्शनकारियों में संदीप आर्य, विक्रम घणाता, अंजय कंसवाल, अनुज शाह, पुरुषोत्तम, वीर सिंह चौधरी, शांति श्रीवाण, रणजीत शामिल रहे।
नई टिहरी कलेक्ट्रेट में डॉक्टर दो न्याय दो को लेकर प्रदर्शन करते घनसाली क्षेत्र के लोग। संवाद