पालिका की ओर से बुडोगी मार्ग पर बनाए जा रहे कूड़ाघर को लेकर विवाद सुलझ नहीं रहा है। ग्रामीणों ने कार्य स्थल पर जाकर कूड़ाघर निर्माण का विरोध कर निर्माण कार्य रुकवाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्य बंद नहीं किया गया, तो बुधवार से ग्रामीण कार्य स्थल पर ही धरना शुरू कर देंगे।
पालिका शहर के कूड़ा निस्तारण के लिए मोलधार के समीप बुडोगी मार्ग पर कूड़ाघर का निर्माण करवा रही है, लेकिन बुड़ोगी गांव के ग्रामीण कूड़ाघर का विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीण डीएम से भी मिल चुके हैं। बावजूद पालिका निर्माण कार्य रोकने को तैयार नहीं है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को कार्य स्थल पर पहुंच कर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कूड़ाघर निर्माण से गांव को जाने वाले रास्ते में गंदगी फैल जाएगी, जिससे उन्हें दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है। उन्होंने कार्य बंद नहीं होने पर बुधवार से कार्य स्थल पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।
इस मौके पर प्रधान त्रेपन सिंह चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य हितेश चौहान, कुंदन सिंह, अवतार सिंह, विजय सिंह, खुशवीर, मनुजेंद्र, राकेश, स्वयंवर, अनूप, महिला मंगल दल की अध्यक्ष रानी चौहान, रीना, बबीता, सीमा, मंगला, पुष्पा, रजनी, विमला, प्यारा देवी आदि मौजूद थे।