चंबा क्षेत्र में राड्स संस्था की शराब बंदी की मुहिम धरसाल गांव में भी रंग ले आई। संस्था की पहल पर धरसाल गांव के सतेंद्र भट्ट की शादी में कॉकटेल के स्थान पर बुरांश का जूस परोसा गया।
संस्था की ओर से सतेंद्र के परिवार को 20 लीटर बुरांश का जूस और प्रमाणपत्र दिया गया। सेना से सेवानिवृत्त धरसाल गांव निवासी पिता देवेंद्र भट्ट के बेटे सतेंद्र की बारात बीते दिन चोपडियाली गांव गई थी।
सतेंद्र एम्स ऋषिकेश में इंजीनियर है। उसके दोस्त शादी में कॉकटेल पार्टी चाहते थे, लेकिन उसके पिता ने राड्स संस्था को वचनपत्र दिया था कि बेटे की शादी में वह कॉकटेल पार्टी नहीं करेंगे।
मेहमानों को जूस पिलाएंगे। महिला मंगल दल अध्यक्ष लज्जा देवी, गुड्डी, शीला, रजनी, कुशला, बबीता, शैला, मंजू कविता, जशोदा, सावित्री ने संस्था को रिपोर्ट दी कि सतेंद्र की शादी में शराब बिल्कुल नहीं परोसी गई।
किसी तरह की कॉकटेल पार्टी भी आयोजित नहीं की गई। जिसके बाद संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने दुल्हे के घर जाकर 20 लीटर बुरांश का जूस उपलब्ध कराया।