लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं से मंत्री को अवगत कराते हुए सात सूत्री मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि प्रतापनगर क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए करीब 80 किलोमीटर दूर जिला चिकित्सालय नई टिहरी जाना पड़ता है। इससे समय, धन का अतिरिक्त बोझ पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि मंत्री ने मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रवीण पंवार और बृजमोहन पंवार ने पट्टी ओंण के धनागांव के लिए स्वीकृत सड़क निर्माण में वन भूमि की लंबित स्वीकृति शीघ्र जारी कराने की मांग भी उठाई। संवाद