नई टिहरी। सड़क सुविधा से वंचित पसनी गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण करने और कृषि भूमि कटाव रोकने के लिए सौंगी नदी किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण की गुहार लगाई। पसनी गांव के लोगों ने डीएम मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण नहीं होने से हो रही समस्याएं बताई। सड़क से गांव पहुंचने के लिए उन्हें छह किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है।
चंबा ब्लॉक का पसनी गांव टिहरी और देहरादून जिले की सीमा पर स्थित है। पसनी गांव के समीपवर्ती देहरादून जिले के गांव देहरादून-हल्द्वाणी-गंधक पानी सड़क से जुड़े हैं, लेकिन पसनी गांव के लोगों को सड़क से गांव तक छह किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। बुधवार को ग्राम पंचायत पसनी की उप प्रधान संजना नेगी, आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह, केदार सिंह डीएम से मिले और उन्हें गांव के लोगों की समस्या के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
कहा कि सड़क नहीं होने के कारण किसी ग्रामीण के बीमार होने, गर्भवती महिला को सड़क तक पहुंचाने और शादी समारोह में सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। गांव में 65 परिवार निवास करते हैं, लेकिन सड़क नहीं होने से लोग धीरे-धीरे सुविधाजनक स्थानों पर पलायन करते हैं। उन्होंने डीएम से पसनी गांव को देहरादून-हल्द्वाणी गंधक पानी मोटर मार्ग से प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जोड़ने की मांग की है।
बारिश के समय सौंग नदी का जलस्तर बढ़ने से कृषि भूमि का कटाव हो जाता है। वे लंबे समय से सौंग नदी किनारे सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हाे पाई। इस मौके पर अरविंद सिंह, अजीत सिंह, दीपक सिंह, सतेंद्र सिंह, भरत सिंह आदि मौजूद रहे।