राजस्व पुलिस चौकी से फरार चल रहे बलात्कार के आरोपी की एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी नहीं करने पर क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
चौकी से आरोपी के फरार होने को उन्होंने राजस्व कर्मियों की मिली भगत बताया। जिला प्रशासन से दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
राजस्व पुलिस चौकी कमांद से 13 नवंबर को बलात्कार का एक आरोपी ग्राम अलेरू निवासी ओम प्रकाश डबराल फरार हो गया था। पांच दिन बाद भी राजस्व पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई।
मंगलवार को मामले में क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम अभिषेक त्रिपाठी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा यदि एक सप्ताह के भीतर उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे कंडीसौड़ में हाईवे पर जाम लगा देंगे। प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्र पंचायत सदस्य सरस्वती रावत, प्रधान जमना देवी, राधा देवी, प्रमोद रमोला, विशन सिंह, जसवीर भंडारी, प्रताप सिंह रावत, अतर सिंह तोमर व चंदन सिंह राणा आदि शामिल थे।