जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित महिला पीआरडी स्वयं सेविकाओं की भर्ती के लिए भारी तादाद में महिलाओं ने आवेदन किया है।
51 पदों के सापेक्ष 14 सौ 92 महिलाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 54 आवेदन पत्र निरस्त किए गए हैं। पात्र पाए गए अभ्यर्थियों की शारीरिक भर्ती परीक्षा 30 नवंबर से पांच दिसंबर तक पुलिस लाइन चंबा में होगी। महिलाओं के लिए पहली बार आयोजित की जा रही विशेष भर्ती के विभाग ने 15 अक्तूबर तक आवेदन मांगे थे।
विभाग को 51 पदों के सापेक्ष 1492 आवेदन पत्र मिले हैं। छंटनी में 54 आवेदन अपूर्ण पाए गए हैं। भर्ती हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है, लेकिन भर्ती हेतु 50 एमएससी, 70 एमए, 40 एमकॉम, तीन एलएलबी, 10 बीटेक सहित बीए, बीएससी, बीकॉम उत्तीर्ण युवतियां ने भारी संख्या में आवेदन किया है। जिसको देखते हुए विभाग ने शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर चयन करने का निर्णय लिया है।
आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण मेरिट के आधार पर चयन का निर्णय बदला है। 30 से पांच दिसंबर तक पुलिस लाइन चंबा में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन दो सौ महिलाओं की शारीरिक परीक्षा होगी। अभी अर्ह अभ्यर्थियों को डाक से प्रवेश पत्र भेजे जा चुके हैं।