विश्व हिंदू परिषद ने रामनवमी पर नगर में भव्य झांकी निकालकर श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। कहा कि सभी लोगों को सनातन धर्म का पालन कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
रविवार को विहिप के कार्यकर्ताओं ने डाईजर से नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर बौराड़ी तक श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भव्य झांकी निकाली। विधायक किशोर उपाध्याय ने झांकी का समापन करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम हमारे आराध्य हैं। उनके आदर्शों को हमें अपने जीवन में उतार कर सनातन धर्म की रक्षा करनी चाहिए। इस मौके पर विहिप के जिलाध्यक्ष सुरम तोपवाल, बजरंग दल के जिला संयोजक विनीत उनियाल, नगराध्यक्ष युवराज शाह, आरएसएस के जिला कार्यवाह संजीव भट्ट, नगर प्रचारक मोहित, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, अक्षत पवन बिजल्वाण और यशपाल सजवाण आदि मौजूद थे। संवाद
संघ कार्यकर्ताओं ने किया पथ संचलन
रामनवमी पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्यमार्गों पर पथ संचलन किया। पथ संचलन में 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
रविवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने महाशय राजीव कुमार सरस्वती शिशु मंदिर तिलोथ से पथ संचलन शुरू किया जो भटवाड़ी रोड़, भैरवचौक, विश्वनाथ चौक, कोर्ट रोड़, हनुमान चौक, कालीकमली बाजार, सब्जीमंडी होते हुए वापस विद्यालय परिसर में पहुंचा। संघ के प्रांत विद्यार्थी प्रमुख मनोज ने कहा कि हमारी शिक्षा पद्धति श्रेष्ठ है। संस्कृति व सभ्यता के आधार पर ही हमें विश्वगुरु की उपाधि मिली है। पथ संचलन में विभाग संघचालक गुलाब सिंह नेगी, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला प्रचारक अजय, सह जिला कार्यवाह कैलाश मणि गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, महामंत्री हरीश डंगवाल, विजय मखलोगा आदि शामिल थे। संवाद