श्रीदेव सुमन विवि से पूर्व में हटाए गए उपनल कुछ कर्मचारियों का समय पर वेतन भुगतान न होने पर कुलपति ने असंतोष जताया। कुलपति ने कहा कि जब तक हटाए गए कर्मिकों का वेतन नहीं दिया जाता तब तक विवि के किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का वेतन जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रभारी कुलसचिव को दो दिनों में वेतन भुगतान करने को कहा।
श्रीदेव सुमन विवि में कार्यरत 37 उपनल कर्मियों की सितंबर 2019 में सेवा समाप्त कर दी गई थी, लेकिन निकाले गए कई कर्मचारियों को अभी तक पूरा वेतन नहीं दिया गया। कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने इस पर हैरानी जताते हुए विवि के अधिकारियों की बैठक बुलाकर प्रभारी कुलसचिव से कहा कि निकाले गए जिन उपनल व अन्य कर्मियों पर विवि का कोई बकाया नहीं है, उनका दो दिन में वेतन भुगतान किया जाए। जिन कर्मियों पर विवि की देयता है, उनको लिखित में वेतन भुगतान न करने के कारण से अवगत कराया जाए। कुलपति ने प्रभारी कुलसचिव को लिखित आदेश दिया कि जब तक पूर्व कर्मचारियों, जिन पर देयता नहीं है, उनका वेतन जारी नहीं किया जाता तब तक स्वयं वीसी सहित विवि के किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का वेतन न निकाला जाए।