जिले के चार स्टेट हाइवे को डेढ़ लाइन की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से चारधाम यात्रा के दौरान जगह-जगह लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी। लोनिवि (एडीबी) ने कुल 262 किमी सड़कों के सुधारीकरण की डीपीआर तैयार कर भूमि अधिग्रहण की तैयारी शुरू कर दी है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद सड़कों को डेढ़ लाइन में बदलने का काम शुरू किया जाएगा।
स्टेट हाईवे रायपुर-कद्दूखाल किमी 9 से 73.75 तक, सुवाखोली-भवान-सरोट-चापड़ा-नगुण 60.85, उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा किमी 50.75 से किमी 129.730 और टिहरी-हिंडोलाखाल-देवप्रयाग-व्यासघाट-बिलखेत किमी 00 से किमी 58 तक कुल 262 किमी सड़क को डेढ़ लाइन कुल 10 मीटर में बदलने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे इन सड़कों का सुधारीकरण होने से चारधाम यात्रा भी सुगम हो सकेगी। इन चार सड़कों के सुधारीकरण के लिए लोनिवि (एडीबी) ने एलाइनमेंट फाइनल कर वन भूमि और सिविल सोयम भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू कर दी है। जमीन का मामला निपटते ही प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजी जाएगी। लोनिवि (एडीबी) के अधिशासी अभियंता संजीव राठी ने बताया कि जिले में 262.60 किमी स्टेट हाइवे को डेढ़ लेन में बदलने की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। भूमि अधिग्रहण का काम पूरा होते ही प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। उम्मीद है, कि छह माह बाद सुधारीकरण कार्य शुरू हो सकेगा।