नगर क्षेत्र से कूडा-करकट साफ करने के लिए पालिका अब व्यापारियों और होटल व्यवसायियों से प्रति माह शुल्क वसूलेगी। पालिका की बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दुकान स्वामियों को अब 30 रुपये और होटल स्वामियों को 100 रुपये देना होगा। नरेंद्रनगर से समाज कल्याण, वन निगम और होमगार्ड का कार्यालय जिला मुख्यालय नई टिहरी शिफ्ट करने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। मामले में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर नरेंद्रनगर की वस्तु स्थिति से अवगत कराएगा।
पालिकाध्यक्ष दुर्गा राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वार्ड सदस्यों ने कूड़ा करकट से बंद पड़ी नगर क्षेत्र की नालियों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। सभासद राजू भारती ने वाल्मीकि मंदिर के समीप शीघ्र नारदाना निर्माण करने की मांग की। मानवेंद्र राणा और सरोजनी देवी ने कहा कि वाहन पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित न होने के कारण जाम की समस्या बढ़ रही है। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कुमारखेड़ा में पार्किंग निर्माण की मांग की। पालिका के सेवानिवृत्त कर्मियों का एरियर भुगतान नहीं होने का मामला भी बोर्ड बैठक में जोरशोर से उठा। समस्या के समाधान के लिए पालिकाध्यक्ष विजेंद्र नेगी और मानवेंद्र रांगड़ की दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई। सब्जी व्यापारियों को अपने दुकानों के बाहर जैविक और अजैविक दो अलग-अलग कूड़ादान रखना होगा।