टिहरी बांध की झील में साहसिक खेल की गतिविधियां इन दिनों बढ़ गई हैं। पर्यटन विभाग ने बांध की झील का दीदार और नौकायन को आने वाले सैलानियों की सुविधा और रात्रि विश्राम के लिए प्रस्तावित फ्लोटिंग और इको फ्रेंडली लॉग हट्स योजना का क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। सितंबर से पर्यटकों को हट्स में ठहरने की सुविधा मिलेगी।
टिहरी बांध की झील में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने नौकायन गतिविधियों के बाद सैलानियों के ठहरने के लिए हट्स कांसेप्ट योजना पर भी कार्य शुरू कर दिया है। योजना के मुताबिक कोटीकालोनी में झील के किनारे निर्माण निगम मुंबई की वेस्ट कोस्ट मरीन के सहयोग से पांच करोड़ की लागत से 10 फ्लोटिंग हट्स तैयार की जा रही हैं। सितंबर से सैलानी झील में लगी इन हट्स में रह सकेंगे।
इसके अलावा विभाग पर्यटकों के लिए झील के किनारे अलग से सात इको फ्रैंडली लॉग हट्स भी बनाएगा। देश-विदेश से यहां टिहरी झील में साहसिक खेल की गतिविधियों में शामिल होने को आने वाले सैलानी इनमें ठहरने का लुत्फ उठा सकेंगे।
जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि फ्लोटिंग और इको फ्रैंडली हट्स का निर्माण तेजी से चल रहा है। सितंबर तक सभी को झील किनारे स्थापित कर दिया जाएगा। यह योजना पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए है।