चारधाम यात्रा को देखते हुए डीएम ज्योति नीरज खैरवाल ने भागीरथीपुरम-जीरो ब्रिज मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। मार्ग की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए डीएम ने बताया कि फिलहाल भागीरथीपुरम-जीरो ब्रिज मोटर मार्ग पर वाहनों का संचालन करना खतरनाक हो सकता है। जब तक मोटर मार्ग का मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता है, तब तक वाहनों का संचालन डैम टॉप से ही होता रहेगा।
भागीरथीपुरम-जीरो की सड़क गत वर्ष अगस्त-सितंबर में आपदा से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। मार्ग की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए तत्कालीन डीएम युगल किशोर पंत ने लोनिवि प्रांतीय खंड को मार्ग मरम्मत कार्य के लिए टीएचडीसी को हस्तांतरण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोनिवि ने मार्ग टीएचडीसी को हस्तांतरित नहीं किया। जिससे मोटर मार्ग पर मरम्मत कार्य नहीं हो पाया है। जगह-जगह मार्ग टूटा हुआ है। आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग को लोनिवि प्रांतीय खंड की ओर से मरम्मत कार्य के लिए टीएचडीसी को हस्तांतरित नहीं किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने बताया कि भागीरथीपुरम-जीरो ब्रिज मोटर मार्ग जगह-जगह जीर्णशीर्ण बना हुआ है, जिस पर फिलहाल वाहनों का संचालन करना खतरनाक हो सकता है। एडीबी आपदा के ईई यूएस महर ने बताया कि मोटर मार्ग पर भैतोगीखाले में जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पुल निर्माण होने पर भैतोगीखाले में मार्ग बारिश के दिनों में यातायात के लिए अवरुद्ध नहीं होगा।