नगर के वार्ड 12 में सोमवार को जैसे ही अंग्रेजी शराब की दुकान खुली, खरीदारों की भीड़ उमड़ गई। दुकान खुलने की भनक लगते ही महिलाएं दुकान पर पहुंच गई। वहीं महिलाओं को देखते ही शराब खरीदार वहां से भाग गए। विक्रेताओं ने भी आनन-फानन में दुकान बंद की और भाग गए।
आबकारी विभाग ने सोमवार को चोरी-छिपेनई टिहरी में केंद्रीय विद्यालय रोड वार्ड 12 में अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने की अनुमति दी। शराब कारोबारियों ने अपराह्न तीन बजे दुकान खोली, तो खरीदार पहुंच गए। दुकान में भीड़ देखकर स्थानीय लोग और महिलाएं वहां पहुंच गए। लाइन में खड़े लोग महिलाओं को देखते ही भाग निकले।
शराब विक्रेताओं ने भी तुरंत शटर बंद किया और वहां से भाग निकले। कोतवाली निरीक्षक सुंदरम शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि दुकान नहीं खोलने दी जाएगी। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। शाम पांच दुकान से शराब कारोबारियों ने पेटियां हटाकर गोदाम में भेज दी। प्रदर्शनकारियों में व्यापार सभा अध्यक्ष मायाराम थपलियाल, विजय डोभाल, एकादशी बहुगुणा, गुड्डी देवी, ललिता थपलियाल, प्रेमा देवी, शकुंतला व रजनी देवी सहित कई शामिल थे।