नैनबाग (टिहरी)। उप जिलाधिकारी अंशुल भट्ट ने लखवाड़ बांध प्रभावितों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। प्रभावितों ने एसडीएम से छूटे लोगों को सूची में शामिल कर उनकी भूमि व अन्य परिसंपत्तियों का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
नैनबाग लोनिवि अतिथि गृह में लखवाड़ बांध परियोजना प्रभावित समिति के अध्यक्ष डॉ़ वीरेंद्र सिंह रावत ने एसडीएम भट्ट को बताया कि बांध प्रभावितों को उनकी परिसंपत्तियों का उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। कहा कि लखवाड़ परियोजना में लंबे समय जेई व अन्य पद खाली पड़े हैं लेकिन परियोजना के निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था पदों पर भर्ती शुरू नहीं कर रही है।
कहा कि शीघ्र प्रभावितों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। इस मौके पर महिपाल सिंह सजवाण, गंभीर सिंह रावत, शरण सिंह पंवार, अनिल पंवार, अर्जुन रावत, अनिल रावत आदि मौजूद थे। संवाद