नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में जल भराव से परेशान खिलाड़ियों ने की धान की रोपाई।
- फोटो : NEW TEHRI
जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम की खराब दशा पर युवाओं ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने बारिश के पानी से भरे गड्ढों में विरोध स्वरूप धान की रोपाई की। युवाओं ने कहा कि स्टेडियम के विस्तारीकरण के नाम पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, बावजूद इसके मैदान की स्थिति नहीं सुधरी है। उन्होंने स्टेडियम को जल्द खेलने लायक नहीं बनाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला मुख्यालय का बौराड़ी स्टेडियम सरकारी उपेक्षा के कारण बदहाल बना हुआ है। पूर्ववर्ती सरकार में स्टेडियम के विस्तारीकरण पर तो करोड़ों खर्च किए, लेकिन मैदान की एंट्री, दर्शक दीर्घा और ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण खेल गतिविधियां नहीं हो पा रही है। साथ ही स्टेडियम में शादी-पार्टी की टेंट लगने और वाहन सीखने के कारण स्टेडियम की दशा और खराब हो गई है। बारिश में स्टेडियम पानी से लबालब भरा रहता है। इससे गुस्साए स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने शनिवार को पानी से भरे मैदान में धान की पौध रोपकर विरोध जताया। उनका कहना है कि सरकार और प्रशासन मैदान की सुध लेने को तैयार नहीं है। जिला मुख्यालय पर कोई खेल प्रतियोगिता करने के लिए मैदान नही है। मजबूरन लोगों को मुनिकीरेती जाना पड़ता है।
विरोध करने वालों में राहुल बुटोला, यशपाल सिंह, सलमान, विनोद, पंकज, विजय, राजेश, राहुल चौहान, मकान सिंह शामिल थे। इस संबंध में जिला युवा कल्याण अधिकारी डा. मुकेश चंद्र डिमरी ने बताया कि इन दिनों बौराड़ी स्टेडियम में गेट, ड्रेनेज और संयुक्त डोरमैट्री का निर्माण चल रहा है। पेयजल निर्माण निगम ने दो माह के भीतर यह सभी कार्य पूरा करके देना है।