ग्राम प्रधानों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क की दशा सुधारने की मांग की
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक के भदूरा पट्टी में क्यारी-जिबाला-ओनालगांव मोटर मार्ग पर किए जा रहे गड्ढ़ा भरान पर जनप्रतिनिधियों ने असंतोष व्यक्त किया है। क्षेत्र के लोगों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि गड्ढे भरान में महज खानापूर्ति की जा रही है जिससे लोगों को गड्ढा भरान से आवागमन में कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
भदूरा पट्टी में क्यारी-जिबाला-ओनागांव मोटर मार्ग पर इन दिनों पीएमजीएसवाई गड्ढे भरान कार्य कर रहा है लेकिन इसमें मनमर्जी से कार्य किया जा रहा है। ओनालगांव की प्रधान सुमन राणा, राैणिया की प्रधान शकुंतला देवी, पाेखरियाल गांव की प्रधान शकुंतला देवी, संदीप रावत और दिनेश पाेखरियाल ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि क्यारी-जिबाला-ओनालगांव मोटर मार्ग पर गड्ढ़ा भरान कार्य महज खानापूर्ति की जा रही है।
मोटर मार्ग के किमी एक पर उत्तम सिंह के मकान के आसपास करीब 500 मीटर सड़क पर कई गड्ढे बने हुए हैं लेकिन बड़े गड्ढों को छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि मार्ग पर कई जगहों पर मलबा पड़ा हुआ है जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। उन्होंने डीएम से इस सड़क का निरीक्षण कर सड़क का संतोषजनक ढंग से सुधारीकरण कार्य कराने की मांग की है।