15 साल बाद हो पाया सड़क सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य
नैनबाग (टिहरी)। नैनबाग क्षेत्र की लालूर पट्टी के भूटगांव-खैराड़ा से उत्तरकाशी जिले के कांडी-खनाटी सड़क का 15 साल बाद सुधारीकरण और डामरीकरण हो पाया। ग्रामीणों ने सवारी बस सेवा का सड़क पर सफल ट्रायल करवाया। राज्य आंदोलनकारी मेहर सिंह चौहान ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति होने के कारण सड़क पर बस सेवा संचालित नहीं हो पा रही थी।
सड़क के बनाने से टिहरी के जौनपुर क्षेत्र के साथ उत्तरकाशी जिले के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। सड़क संकरी और बदहाल होने के कारण क्षेत्र के लोगों को टैक्सी वाहनों से सफर करना पड़ता था। ग्रामीण एक दशक से सड़क सुधारीकरण की मांग करते आ रहे थे लेकिन सड़क के डामरीकरण के लिए लोगों को 15 वर्षों का इंतजार करना पड़ा।
नैनबाग के पूर्व प्रधान गंभीर सिंह रावत ने कहा कि सड़क का सुधारीकरण होने के नैनबाग क्षेत्र का डामटा, यमुना घाटी और उत्तरकाशी के आवागमन की दूरी भी कम होगी। बसों के संचालन क्षेत्र के ग्रामीणों को लाभ होगा। ग्रामीणों ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र की जनता स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से भूटगांव-खैराड़ा -कांडी-खनाटी सड़क पर विकासनगर से परिवहन निगम और टीजीएमओ बस सेवा संचालित की मांग करेंगे। ग्राम प्रधान खनाटी आशा देवी, लता चौहान, नरेंद्र चौहान, जगमोहन सिंह, सोबत सिंह,राजेश चौहान संदीप चौहान ने शासन प्रशासन के साथ निर्माण एजेंसी का आभार जताया है।