थत्यूड़ (टिहरी)। राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ में माउंट वैली डेवलपमेंट एसोसिएशन, इंपैक्ट संस्था और टाइटन कंपनी की पहल पर छात्राओं के लिए गणित और विज्ञान विषयों की बारीकियों पर शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं ने गणित और विज्ञान विषयों के अलग-अलग मॉडल प्रस्तुत किए।
शिविर में विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने गणित और विज्ञान विषयों की बारीकियां बताई। इंपैक्ट संस्था की कार्यकारी निदेशक प्रीति मुंजाल ने बताया कि जानकारी के अभाव में छात्राएं गणित और विज्ञान विषयों से दूर भागने की कोशिश करते हैं। छात्राओं में प्रत्येक क्षेत्रों में जाने की क्षमता है, लेकिन जानकारी के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं और बालिकाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं। उन्हें मार्ग दर्शन की आवश्यकता है।
माउंट वैली के कार्यकारी निदेशक नवप्रभात ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में छात्राओं को अपने हुनर दिखाने का मौका मिलने के साथ ही भविष्य की रणनीति को तय करने में आसानी होती है। कहा कि पहाड़ में संसाधनों के अभाव में छात्राओं को अपनी पढ़ाई करनी पड़ती है। पहाड़ की बालिकाओं में जज्बे और हौसले की कमी नहीं है। सही दिशा मिले, तो वह बहुत आगे बढ़ सकती है। इस अवसर पर पांच छात्राओं को छात्रवृति के तहत चार हजार धनराशि के चेक व टाइटन कंपनी द्वारा चार छात्राओं को साइकिल दी गई।
इस मौके पर किरनजीत कौर, शांति, ब्लॉक प्रशासक सीता रावत, दिनेश राठौर, अमित नौटियाल, हिमांशु खुराना, किरन रावत, संजय बिष्ट, योगेंद्र रावत, दिनेश नेगी, मंजीत कैतुरा, रविंद्र पंवार, नीतू, विकास सिंह, नेहा भंडारी आदि मौजूद थे।