लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक के भदूरा पट्टी के ग्राम पंचायत पुजारगांव में ग्रामीणों की सामूहिक बैठक हुई, जिसमें नशामुक्ति समिति का गठन करते हुए गांव में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय लिया गया। निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य हरि प्रसाद डिमरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि अब गांव में मेहंदी, शादी समारोह, चूड़ाकर्म, जन्मदिन जैसे कार्यक्रमों के साथ भवन निर्माण कार्यों में भी कोई परिवार या व्यक्ति शराब नहीं पिलाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि गांव में कोई व्यक्ति शराब पीकर उत्पात मचाएगा, तो उस पर 11 हजार रुपये का अर्थदंड लगाने के साथ ही सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बाहरी व्यक्ति या रिश्तेदार यदि गांव में शराब पीकर सामाजिक कार्यों में बाधा उत्पन्न करता है, तो समिति उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
बैठक में नशामुक्ति समिति का गठन किया गया, जिसमें हरि प्रसाद डिमरी को अध्यक्ष, सुंदर लाल आर्य उपाध्यक्ष, विनोद प्रसाद नौटियाल सचिव, सुरेंद्र दत्त नौटियाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा लक्ष्मी प्रसाद जोशी, लुद्रीदत्त नौटियाल, राजेंद्र प्रसाद सेमवाल, सुरेंद्र दत्त, विशालमणि, गुड्डू प्रसाद सेमवाल, पीतांबर दत्त, भगवती प्रसाद, रामी देवी, कविता देवी और ममता देवी को समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया।