प्रतापनगर ब्लाक में कोरदी- सिलारी मोटर मार्ग पर पैदल चल रहे नव दंपती अचानक खाई में गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें खाई से निकालकर 108 की मदद से सीएचसी चौंड में भर्ती कराया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया।
थानाध्यक्ष महीपाल सिंह रावत ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे कोरदी के ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव के पास से गुजर रहे नव दंपती खाई में गिरकर घायल हो गए हैं। यह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने उन्हें खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया था। दोनों को ज्यादा चोटें आने पर उन्हें बौराड़ी जिला अस्पताल रेफर किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दंपती कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे, जिससे घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पहले ही उनकी शादी हुई थी। संवाद