थत्यूड़़ (टिहरी)। लोनिवि नगरीय क्षेत्रों की सड़कों के गड्ढे तो भरने लगे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की खस्ताहाल सड़कों की स्थिति कब सुधरेगी। जौनपुर ब्लॉक का थत्यूड़- बंगशील खस्ताहाल मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है, जहां दुर्घटनाओं का भय बना रहता है। मार्ग जौनपुर क्षेत्र के देवलसारी और नाग टिब्बा सहित कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन विभाग इसकी सुध नहीं ले रहा है। जिससे स्थानीय लोगों में रोष है।
थत्यूड़-बंगशील मोटर मार्ग जगह-जगह खस्ताहाल होने से लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेवा की ग्राम प्रधान आरती परमार, बंगसील के जयदेव गौड़, मौलधार के ग्राम प्रधान कमल किशोर नौटियाल तथा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल नौटियाल, बिजेंद्र सिंह पंवार, प्रेम सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग करते आ रहे हैं। बताया बरसात में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। जिसके बाद सड़क पर आवाजाही करना जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी सड़क के डामरीकरण की मांग उठाई गई। बावजूद सड़क का डामरीकरण नहीं हो रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की घोषणा भी की गई। लेकिन सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो पा रही है। बताया थत्यूड़-बंगशील मोटर मार्ग जौनपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल देवलसारी, नाग टिब्बा,तेवा गांव, ओतण, बंगशील, नवागांव, पुज्याल्डी, मौलधार सहित कई अन्य गांवों को जोड़ता है, लेकिन सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना है। बताया दोपहिया वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल हो चुके है।
उन्होंने प्रशासन और लोनिवि थत्यूड़ से शीघ्र थत्यूड़-बंगशील मोटर मार्ग का डामरीकरण की मांग की है। डामरीकरण न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस बाबत लोनिवि के सहायक अभियंता नवीन शर्मा ने बताया कि थत्यूड़़-बंगशील मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य किया जाएगा।