वीकेंड पर रविवार को भी टिहरी झील पर्यटकों से गुलजार रही है। परिवार और दोस्तों के साथ सैलानियों ने झील में बोटिंग का लुत्फ उठाया। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारी और जीप-टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोग खासे उत्साहित दिखे। शाम चार बजे तक 310 सैलानियों से बोटिंग की। झील और बोटिंग प्वाइंट के आसपास कोविड-19 नियमों का पालन न करने पर पुलिस ने 15 पर्यटकों के चालान काटकर 500-500 का अर्थदंड वसूला।
मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के कारण पर्यटक पर्वतीय क्षेत्रों की तरफ तेजी से रुख कर रहे हैं। सैर सपाटे के लिए रविवार को टिहरी झील में बोटिंग करने के लिए हरियाणा, नोएडा, गाजियाबाद, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून से बड़ी संख्या में कोटी कालोनी पहुंचे। सुबह आठ बजे से ही पर्यटकों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हालांकि बीते शनिवार की अपेक्षाकृत रविवार को झील में बोटिंग करने 23 पर्यटक कम पहुंचे। शनिवार को 333 लोगों ने रोमांच का सफर किया था, जबकि रविवार को 310 लोगों ने बोटिंग का आनंद उठाया। टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की बढ़ती चहल-कदमी से होटल, रेस्टोरेंट, ठेली, फड़ और जीप-टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोग उत्साहित हैं।
श्री गंगा भागीरथी बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार ने बताया कि रविवार को 310 सैलानियों ने झील में रोमांच का सफर किया है। बोटिंग प्वाइंट से पहले ही पुलिस, टिहरी झील विशेष क्षेत्र पर्यटन विकास प्राधिकरण के कर्मचारी पर्यटकों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट चेक कर रहे हैं। चेकिंग के उपरांत ही पर्यटकों को बोटिंग करने के लिए टिकट दिया जा रहा है। रविवार को पुलिस ने झील क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि झील के आसपास बिना मास्क के घूम रहे 15 पर्यटकों का चालान किया। प्रत्येक पर्यटक से 500 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया।