जिला मुख्यालय में भव्य शहीद स्मारक निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। बौराड़ी में विधायक निधि से विभिन्न युद्धों में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति को संयोए रखने के लिए स्मारक बनकर तैयार हो गया है। 26 जुलाई को शौर्य दिवस पर नवनिर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण होगा।
कार्यदायी संस्था नगर पालिका इन दिनों नवनिर्मित शहीद स्थल के सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्यों को पूरा करने में जुटी हुई है। शहर की स्थापना के बाद नई टिहरी में श्रीदेव सुमन पार्क के समीप शहीद स्मारक बनाया गया था लेकिन पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण शौर्य दिवस से लेकर अन्य मौके पर कार्यक्रम करने में परेशानियां होती थी। पूर्व सैनिक एसोसिएशन से लेकर शहीदों के परिजन स्मारक के विस्तारीकरण की मांग कर रहे थे। वर्तमान में शहीद स्मारक बनकर तैयार हो गया है। पालिका ने स्मारक पर विभिन्न युद्धों में शहीद हुए वीर सैनिकों के नाम में भी दर्ज करवा दिए हैं। विधायक नेगी का कहना है कि 26 जुलाई को शौर्य दिवस पर नवनिर्मित शहीद स्मारक का शुभारंभ कर शहीदों को समर्पित किया जाएगा। पालिका के ईओ राजेंद्र सजवाण ने बताया कि स्मारक के सौंदर्यीकरण से लेकर अन्य कार्यों को पूरा करवाया जा रहा है।