लाइट न होने से लोगों के आवश्यक कामकाज ठप हो गए हैं। सर्दी से बचाव के लिए हीटर आदि का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। जबकि लोगों को पानी की आपूर्ति जलस्रोतों से करनी पड़ रही है। वहीं जौनपुर ब्लॉक के ग्राम खेड़ा, पापरा, भुयांसारी, ठिक्क, किंशु, तेवा, बंगसील, मोलधार, ओंतड़, क्यारी, ख्यार्सी, ललौटना, टिकरी आदि में भी बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।
बुधवार तक थत्यूड़ क्षेत्र तक हो जाएगी बिजली आपूर्ति
व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील भट्ट, राम प्रकाश भट्ट, सुरेंद्र रावत, जगत असवाल, सरदार सिंह रौंछैला ने प्रशासन से बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इस बाबत ऊर्जा निगम के एई अमित तोमर का कहना है कि कड़ी मशक्कत के बाद बटवालधार क्षेत्र तक बिजली लाइन जोड़ दी गई है, लेकिन अभी कुछ तकनीकी खराबी है, जिसे ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार तक थत्यूड़ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता रवित शाह ने बताया कि पेयजल लाइन सिर्वा तोक से आगे क्षतिग्रस्त है, जिस पर मरम्मत कार्य चल रहा है। पाइप लाइन वाले क्षेत्र में बर्फबारी अधिक होने के कारण कार्य करने में दिक्कतें आ रही हैं।
तीसरे दिन खुला चंबा-धनोल्टी मार्ग
बर्फबारी के कारण चंबा-धनोल्टी मार्ग भी नौ जनवरी को बाधित हो गया था। हालांकि छोटे वाहनों के लिए मार्ग सोमवार को खुल गया था, लेकिन बड़े वाहनों का आवागमन नहीं हो पाया था। तीसरे दिन मंगलवार को चंबा-धनोल्टी मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली।