सुरकंडा देवी रोपवे की ट्राली के अचानक रुकने की तकनीकी जांच शुरू कर ली गई है। सोमवार को ब्रिडकुल के विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर रोपवे की जांचकर विभिन्न जानकारियां जुटाई। टीम ने रोपवे संचालन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का भी निरीक्षण किया। ब्रिडकुल की टीम कल (मंगलवार) तक शासन और जिला प्रशासन को रिपोर्ट सौंपेगी।
सुरकंडा देवी रोपवे की ट्राली में रविवार को अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई थी। मंदिर से दर्शन कर ट्राली में सवार होकर कद्दूखाल लौट रहे टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित लगभग 30 श्रद्धालु अलग-अलग ट्राली में 25 मिनट तक हवा में ही झूलते रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील प्रशासन ने तुरंत रोपवे संचालन बंद कर दिया था। एसडीएम धनोल्टी लक्ष्मीराज चौहान ने ब्रिडकुल (ब्रिज रोपवे टनल एंड अदर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड) को पत्र भेजकर तकनीकी टीम जांच के लिए भेजने को कहा था।
सोमवार को ब्रिडकुल के विशेषज्ञों की जांच टीम ने रोपवे का निरीक्षण किया। सूत्रों का कहना है कि चार नंबर टावर में एलाइनमेंट आउट होने के कारण पुली से तार निकल गई थी। इसके बाद दूसरी बेकअप वाली तार से ट्राली का संचालन हुआ होगा। तार निकलने पर ट्राली का संचालन बंद हो जाता है। ब्रिडकुल के रज्जू मार्ग निरीक्षक कुंदन सिंह ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर जांच कर ली है।
ब्रिडकुल के महाप्रबंधक आरपी उनियाल ने बताया कि टीम सुरकंडा रोपवे का निरीक्षण कर देहरादून लौट रही है। टीम की रिपोर्ट कल (मंगलवार) तक शासन और जिला प्रशासन को सौंप दी जाएगी। धनोल्टी एसडीएम ने बताया कि ब्रिडकुल की तकनीकी जांच फिट होने के बाद ही रोपवे का फिर से संचालन शुरू कि या जाएगा। इधर, सुकंडा देवी रोपवे के प्लांट मैनेजर निजामुुउददीन सैफी ने बताया कि कंपनी ने खुद भी कलकला के दामोदर रोपवे के इंजीनियरों को जांच के लिए बुलाया है। एक-दो दिन में कलकला से दामोदर रोपवे के इंजीनियरों की टीम रोपवे जांच के लिए पहुंचेगी।