माध्यमिक स्तर तक छात्र-छात्राओं को तकनीकी के प्रयोग से शिक्षा को सुगम और रुचिकर बनाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री ने नरेंद्रनगर के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा छह के 43 छात्र-छात्राओं को टेबलेट बांटे। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान दौर इंटरनेट और रोबोटिक्स का है। ऐसे में सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी प्रतिस्पर्धा के इस युग में बेहतर तकनीकी और इससे संबंधित उपकरण मुहैय्या करवाने जरूरी हैं।
पालिका सभागार में मोक्ष क्रिएशन संस्था की पहल पर टैबलेट (ई बुक्स) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री उनियाल ने किया। इसके बाद उन्होंने 43 छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए टेबलेट बांटे। कृषि मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के तहत विधायक निधि से टेबलेट दिए हैं। टेबलेट में एनसीईआरटी की पुस्तकें अंग्रेजी और हिंदी दो भाषाओं में हैं। इसमें एजुकेशन एप भी इंस्टॉल किया जा सकता है। जूनियर हाईस्कूल हिंडोलाखाल को विधायक निधि से प्रोजेक्ट देने की घोषणा की। अपर राज्य परियोजना निदेशक मुकुल सती ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों के भवन निर्माण सहित अवस्थापना विकास के कार्य किए जाएंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी एसपी सेमवाल ने बताया कि हाल ही में हुई राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड में जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने बेहतर स्थान हासिल किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार, एसडीएम युक्ता मिश्रा, मानसी रस्तोगी, बीईओ ओपी वर्मा, एबीईओ पंकज उप्रेती, जिला संदर्भ व्यक्ति ओपी गंगवार, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल, पंकज डंयूडी और जयराम कुशवाह आदि मौजूद रहे।