उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ ने समान कार्य के लिए समान वेतन देने और नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे उपनल कर्मियों के आंदोलन का समर्थन दिया है। संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी उपनल कर्मचारी का उत्पीड़न किया गया, तो बिजली कर्मचारी संघ भी आंदोलन में शिरकत करेगा।
सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि उपनल कर्मी 22 फरवरी से कार्यबहिष्कार कर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। बिजली कर्मचारी संघ के महामंत्री विक्रम तोपवाल ने कहा कि सरकार को उपनल कर्मियों की मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारी संघ ऊर्जा निगम से संबद्ध है, जो आवश्यक सेवा में आता है। जिससे वह कार्यबहिष्कार में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। बावजूद संघ उपनल कर्मियों के आंदोलन को अपना नैतिक समर्थन देता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है और किसी उपनल कर्मी का उत्पीड़न किया गया, तो बिजली कर्मचारी संघ तीन मार्च से बगैर किसी नोटिस के आंदोलन में प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में राजेश चमोली, ओमकार नेगी, सुरेश बडोनी, मनवीर कृषाली, विक्रम सरियाल, सुरेश रतूड़ी, कांती उनियाल, मनवीर नेगी, जयराज मियां, त्रिलोक रावत, सुरेश नेगी, संजीव नेगी, राकेश सिंह, विशन सिंह नेगी, विक्रम लेखवार, जगमोहन गुसाईं, रघुवीर भट्ट और अजय गुसाईं आदि शामिल थे।