श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की बादशाहीथौल में आयोजित बैठक में विवि की परीक्षाएं नौ मई से नौ जून तक करवाए जाने पर विचार किया गया। विवि की अगली बैठक में इस संबंध में अंतिम फैसला कर परीक्षा तिथि घोषित कर दी जाएगी।
इस बीच, स्नातक, स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए ऑनलाइन फार्म 25 मार्च और द्वितीय, तृतीय वर्ष के फार्म 26 मार्च से 11 अप्रैल तक भरे जाएंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. यूएस रावत की अध्यक्षता में हुई विवि से संबद्ध संस्थाओं के अध्यक्ष, निदेशकों की बैठक में तय किया गया कि बीए, बीकॉम, एमए और एमकॉम प्रथम वर्ष की व्यक्तिगत परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म का पंजीकरण 25 मार्च तक किया जाएगा।
28 मार्च तक शुल्क जमा किया जाएगा। 31 मार्च तक परीक्षा फार्म केंद्र पर जमा होंगे। बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम द्वितीय, तृतीय वर्ष के व्यक्तिगत और बीए, बीएससी, बीकॉम के सभी संस्थागत परीक्षाओं के परीक्षा फार्म 26 मार्च से 11 अप्रैल तक ऑनलाइन फार्म भरे जाएंगे।
परीक्षा शुल्क 26 मार्च से 13 अप्रैल तक जमा होगा। 18 अप्रैल तक परीक्षा केंद्र में फार्म जमा होंगे। मुख्य संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षा करवाने के लिए 9 मई से 9 जून तक का समय प्रस्तावित किया गया। साथ ही सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 जून से शुरू करने पर विचार किया गया।
बैठक में विवि के कुलसचिव डॉ. एसएस रावत, वित्त अधिकारी स्मृति खंडूरी, उप कुलसचिव दिनेश चंद्र, सहायक कुलसचिव परीक्षा त्रेपन सिंह पुंडीर, सहायक कुलसचिव वित्त विमल कुमार मिश्र, परीक्षा प्रभारी गोपनीय एमएमएस राणा और प्रभारी आरएस रावत आदि थे।