त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पर भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सोना सजवाण और उपाध्यक्ष पद पर भोला सिंह परमार निर्वाचित घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर सोना सजवाण 23 मतों से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं। चुनाव की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने बारिश के बीच आतिशबाजी के साथ जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला पंचायत सभागार में सुबह दस बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर सवा बारह बजे तक जिला पंचायत के सभी 45 सदस्यों ने मतदान कर दिया था। मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वी षणमुगम ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सोना सजवाण सजवाण 23 मतों से विजयी रही। सोना को 34 और निर्दलीय नीलम बिष्ट को 11 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के भोला सिंह परमार ने 19 मतों से जीत हासिल की। परमार को 32 और निर्दलीय जयवीर सिंह रावत को 13 मत मिले।
निर्वाचन की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थकों ने आतिशबाजी के साथ ही बौराड़ी में विजय जुलूस निकाला। इस मौके पर इस प्रतापनगर विधायक विजय पंवार, घनसाली शक्ति लाल शाह, देवप्रयाग विनोद कंडारी, भाजपा की टिहरी प्रभारी कुसुम कंडवाल, जिलाध्यक्ष संजय नेगी, विनोद रतूड़ी, दर्मियान कंडारी, जाखणीधार प्रमुख सुनीता देवी, पूर्व प्रमुख बेबी असवाल प्रेमदत्त जुयाल, रोशन लाल सेमवाल, परमवीर पंवार, खेम सिंह चौहान, त्रिलोक पुंडीर आदि उपस्थित रहे।
महिलाओं के उत्थान को स्वरोजगार की मुहिम करेंगे शुरू
नई टिहरी। जिला पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोना सजवाण ने कहा कि जिले के विकास कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार के साथ मिलकर योजनाओं को क्रियान्वित किया जाएगा। पिछले कार्यकाल के अवशेष कार्यों को पूरा किया जाएगा। धनोल्टी, कैंपटीफाल में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं बनाई जाएगी। सेम-मुखेम, बुढ़ाकेदार, बेलेश्वर महादेव क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने की योजनाएं तैयार की जाएगी। महिलाओं के उत्थान के लिए स्वरोजगार की मुहिम शुरू की जाएगी। ब्यूरो