पुनरीक्षण में 43,625 वोटरों के नाम हटाए, 1.17 लाख को नोटिस भेजे
नई टिहरी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों के निराकरण, प्राप्त प्रपत्रों के सत्यापन और दिए गए नोटस पर सुनवाई संबंधी कार्यों पर चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि सभी अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और अन्य जानकारी साझा करते हुए राजनीतिक दलों द्वारा एसआईआर के तहत कराए जा रहे कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
विधानसभा घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी और धनोल्टी में कुल 994 मतदान केंद्र और 4,63,628 मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान प्रारूप नामावली से 43,625 मतदाताओं के नाम हटाए गए जबकि बीएलओ द्वारा 1,17,501 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। उनमें से 92,473 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित कर दिए हैं। बैठक में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, सुशील पांडेय, मुरारी लाल खंडवाल, गबर सिंह, जयेंद्र पंवार और राजेंद्र डोभाल आदि मौजूद थे।