जिला कोषागार में गबन के सातों आरोपी गिरफ्तार
2.42 करोड़ का गबन कर चल रहे थे फरार, दोनों लेखाकार को पानीपत से पकड़ा
आरोपियों से मिला सागर शेयर मार्केट में लगाता था गबन की गई धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। जिला कोषागार में 2 करोड़ 42 लाख रुपये का गबन करने वाले सातों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिला कोषागार के लेखाकार जयप्रकाश शाह और यशपाल सिंह नेगी सहित गबन में शामिल दो अन्य आरोपी 25 दिसंबर से फरार चल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ वरिष्ठ कोषाधिकारी की ओर से 29 दिसंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 10 दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार को दोनों लेखाकारों सहित तीन लोगों को पानीपत से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य चारों आरोपी भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जिला कोषागार में गबन के आरोप में फरार चल रहे लेखाकार जयप्रकाश शाह और यशपाल सिंह नेगी सहित, पीआरडी कर्मचारी सुरेंद्र सिंह पंवार और खाताधारक मनोज कुमार और जांच के दौरान गबन करने में सहयोगी पाए गए सोम प्रकाश, सागर और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है, कि सागर गबन की धनराशि को शेयर मार्केट में लगाता था, जबकि अन्य आरोपी कमीशन पर अपने खातों में पैसे ट्रांसफर कराते थे। आरोपियों को टिहरी लाने की कार्रवाई की जा रही है और शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 2500 और डीआईजी गढ़वाल रेंज ने 5000 का नकद पुरस्कार देने की संस्तुति दी है। अपर पुलिस अधीक्षक राजन सिंह, सीओ सदर महेशचंद्र बिंजोला और सीओ ऑपरेशन अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण और कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम में निरीक्षक देवराज शर्मा, एसआई कुलदीप शाह, एसआई जितेंद्र कुमार,एसआई नंद किशोर ग्वाड़ी, यशपाल सिंह, दिनेश बिष्ट, राकेश कुमार, विजयपाल, विकास सैनी, राकेश, उबैद, हिमांशु और मनोज शर्मा आदि शामिल थे।